बदायूं। जिलेवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होने जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। जिले से होकर गुजरने वाले करीब 95 किलोमीटर के हिस्से में एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर पिलर लगाकर तार फेंसिंग की जा रही है। ताकि एक्सप्रेस-वे पर मवेशी और जंगली जानवर प्रवेश न कर सकें। यह सुरक्षात्मक कार्य भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्य की गति को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च माह के पहले हफ्ते में एक्सप्रेस-वे पर वाहन भर्राटा भरने लगेंगे। हालांकि अभी अधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आ रही है। बता दें कि मेरठ से लखनऊ तक का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि प्रयागराज की ओर कुछ स्थानों पर काम जारी है।
छह थानों से गुजर रहा है एक्सप्रेस-वे
जिले के इस्लामनगर, वजीरगंज, बिसौली, बिनावर, बिल्सी और बिसौली थाना क्षेत्रों से होकर एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। सदर, बिल्सी, बिसौली और दातागंज तहसील क्षेत्र भी इसके दायरे में आते हैं। एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। प्रत्येक संबंधित थाना क्षेत्र में एक स्थायी पुलिस पिकेट बनाई जाएगी और पीआरवी वाहन तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त, हर 15 किलोमीटर की दूरी पर एक-एक अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खाका तैयार कर आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।
594 किलोमीटर लंबा है एक्सप्रेस-वे
मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों को जोड़ता है। यह मेरठ, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हापुड़, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, बुलंदशहर और अमरोहा समेत अनेक जनपदों से होकर गुजरता है। साथ ही यह आगरा एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ता है, जिससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। इसके संचालन से यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
व्यापार को मिलेगा बढ़ावा, कारोबारियों में उत्साह
गंगा एक्सप्रेस-वे चालू होने के बाद तीर्थ यात्रा प्रयागराज, अयोध्या, दिल्ली, लखनऊ, मेरठ आदि आने-जाने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। - अनिल कुमार गुप्ता, व्यापारी बिनावर
गंगा एक्सप्रेस-वे चालू होने के बाद मेरठ, दिल्ली, लखनऊ आदि जगहों पर आना-जाना आसान होगा। इससे समय की भी काफी बचत होगी। इसको जल्द शुरू करना चाहिए। - यादराम मौर्या, व्यापारी बिनावर
गंगा एक्सप्रेस-वे जिले के विकास को बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगा। इसके संचालन से व्यापारिक सामान वाहनों से आसानी से एक से दूसरे जिले में जा सकेगा। यह हर किसी के लिए लाभकारी रहेगा। - राकेश गुप्ता, व्यापारी
एक्सप्रेस-वे बनने से बाहरी निवेश बढ़ेगा और छोटे शहरों का बाजार भी मजबूत होगा। इससे व्यापार को गति मिलेगी। साथ ही लोगों के आवागमन के लिए भी यह बेहतर साधन साबित होगा। - प्रिंस मेंहदीत्ता, व्यापारी
प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी करेंगे उद्घाटन
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इससे यह माना जा रहा है कि फरवरी के आखिरी या मार्च माह के शुरूआत हफ्ते में इसका शुभारंभ किया जा सकता है।
गंगा एक्सप्रेस-वे लगभग पूरा बनकर तैयार हो चुका है। एक्सप्रेस-वे के किनारे सुरक्षात्मक कार्य अंतिम चरण में हैं। संचालन की भी जल्द ही उम्मीद जताई जा रही है। तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी। - अवनीश राय, डीएम
गंगा एक्सप्रेस-वे पर हर पंद्रह किलोमीटर के दायरे पर पुलिस पिकेट तैनात की जाएगी। इसके साथ ही अस्थायी पुलिस चौकियां भी बनेंगी। एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा को लेकर आवश्यक खाका तैयार किया जा रहा है। - डॉ बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी
बनकर तैयार हुआ गंगा एक्सप्रेस-वे। संवाद
बनकर तैयार हुआ गंगा एक्सप्रेस-वे। संवाद
बनकर तैयार हुआ गंगा एक्सप्रेस-वे। संवाद