बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए शत-प्रतिशत भूमि अधिग्रहण न होने के कारण काम में बार-बार अड़चन आ रही हैं। अब बिसौली के भानपुर और अलीपुर में किसानों ने काम रुकवा दिया है। किसानों के विरोध के बाद राजस्व टीम ने मौके पर पहुंच कर पैमाइश की। दरअसल, जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए अब भी 70 हेक्टेयर से ज्यादा भूमि का अधिग्रहण बाकी है।
गंगा एक्सप्रेस-वे का काम दस अप्रैल से शुरू हुआ था। पहले दिन बिनावर के गांव कुतुबपुर थरा में काम शुरू होने के साथ ही विरोध भी होने लगा। दरअसल, कई ऐसे किसान थे जिनकी भूमि का गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए बैनामा नहीं कराया गया था। बिना बैनामा और अधिग्रहण के ही भूमि को समतलीकरण का काम शुरू कर दिया गया। इसके बाद दातागंज के गांवों और अब बिसौली के गांवों में भी यही समस्या सामने आ रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे बिसौली के 38, दातागंज के 27, बदायूं के 18 और बिल्सी के दो गांवों से होते हुए जिले में करीब 95 किमी की दूरी तय करेगा। इन 85 गांवों में अब तक 70 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन के बैनामा नहीं कराए जा सके हैं। जगह-जगह काम रुकने के बाद तहसील स्तर पर पैमाइश के लिए राजस्व टीमों का गठन भी किया गया।
बुधवार को कार्यदायी संस्था एसजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड की टीम ने बिसौली के गांव भानपुर और अलीपुर में काम शुरू किया तो यहां भी किसान विरोध करने लगे। किसानों का कहना है कि उनकी जमीन का बैनामा किए बिना भूमि पर काम शुरू करने के लिए निशान लगाए जा रहे हैं। इसकी सूचना पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। एसडीएम ज्योति शर्मा ने बताया कि जिन किसानों के बैनामा नहीं हुए हैं उनके बैनामा कराए जा रहे हैं। काम में किसी तरह की बाधा नहीं है। राजस्व टीमें भी अपना काम कर रही हैं।