बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए काम धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। दस अप्रैल से सदर तहसील के बिनावर में शुरू हुआ काम तेजी पकड़ रहा है। यहां तीन किमी से ज्यादा भूमि को समतल किया जा चुका है। दातागंज में 600 मीटर से ज्यादा भूमि को समतल करने के साथ ही सोमवार से बिसौली तहसील में वजीरगंज के गांव रोटा में काम शुरू कर दिया गया है। यहां फिलहाल लाइन खींची जा रही है।
बदायूं की चार तहसीलों के 85 गांवों से होकर गुजरने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे बदायूं में 95 किमी की दूरी तय करेगा।
एक्सप्रेस-वे बिसौली के 38, दातागंज के 27, बदायूं के 18 और बिल्सी के दो गांवों से गुजरेगा। छह लेन चौड़े और आठ तेल में विस्तारित 120 मीटर चौड़ाई वाले गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए पहले चरण में भूमि समतल करने का काम किया जा रहा है। कई बार काम रोकना भी पड़ रहा है। दरअसल, कुछ स्थानों पर भूमि के अधिग्रहण के साथ ही किसानों के मुआवजा का भुगतान नहीं हो सका है। इसका असर भी दिख रहा है।
कुछ स्थानों पर किसान नक्शा के अनुसार काम न करने का आरोप लगाते हुए भी विरोध कर रहे हैं।
कार्यदायी संस्था एसजी इंफ्रा लिमिटेड इंजीनियरिंग लिमिटेड के सर्वेयर विनोद तिवारी ने बताया कि तीन स्थानों पर काम शुरू हो चुका है। अब बिसौली में काम शुरू किया जाएगा। पहले चरण में साइटों और साइटों के लिए रास्ते बनाने का काम किया जा रहा है। भूमि समतलीकरण का काम तेजी पकड़ रहा है।
गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए वजीरगंज के गांव रोटा में लाइन खींचने का काम शुरू किया गया है। इससे पहले वजीरगंज में तीन किलोमीटर, दातागंज में करीब छह सौ मीटर भूमि समतलीकरण का काम हो चुका है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल वह कुछ स्थानों पर भूमि समतल कर रहे हैं। यहां एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए साइड तैयार करने का काम हो रहा है।