बदायूं। चार दिनों से हल्की बारिश और उमस भरी गर्मी की वजह से फंगल इंफेक्शन के मरीज बढ़े हैं। जिला अस्पताल में हर दिन 15 से 20 मरीज इंफेक्शन के आ रहे हैं। सभी को डॉक्टर साफ-सफाई रखने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को पहुंचे किसन सिंह ने बताया पैरों रात में ज्यादा खुजली होती है। इस वजह से नींद नहीं आती है। कई बार तो खून भी निकल आता है। डॉक्टर ने लोशन के साथ दवा देकर नीम का पानी ठंडा कर नहाने की बात कही। इसी तरह लालपुल निवासी राशिद खान ने बताया कि हाथों में इतना ज्यादा खुजली हो रही है कि दो दिन से काम पर नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने डॉक्टर को बताया कि तीन दिन बारिश में भीगने के बाद से खुजली शुरू हुई है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. श्रीपाल ने बताया कि बारिश और उमस से त्वचा रोग के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसमें खुजली, एलर्जी, फंगस, लाल-सफेद दाने की परेशानी बढ़ गई है। खुजली करने से जख्म भी हो रहे हैं। ओपीडी में 15 से 20 मरीज हर दिन आ रहे हैं। बारिश में भीगने, गीले कपड़े पहनने वालों में ये दिक्कत ज्यादा है।
इस तरह रखें ख्याल
- गीले कपड़े ज्यादा देर तक न पहनें, शरीर को सूखा रखें।
- बाजार का खाना खाने से बचें।
- गले-कटे हुए रखे फलों को न खिलाएं, बासी भोजन न करें।
- गर्म पानी से कपड़े धोकर पहनें।