बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर हुए बवाल के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। बवाल में नौ नामजद आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस महिलाओं से बवाल के पीछे की साजिश को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस की चार टीमें अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दे रही है। गांव राजा की सीकरी में मंगलवार को हुए बवाल में दो एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। ग्राम पंचायत की प्रशासक ज्योति की ओर से दर्ज रिपोर्ट में चार और दूसरी फैजगंज बेहटा के थाना प्रभारी सुभाष कुमार की ओर से दर्ज रिपोर्ट में 32 महिला और पुरुषों को नामजद किया था। इसमें पुलिस अब तक नौ आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
मान सिंह को ही मुख्य साजिशकर्ता मान रही है पुलिस
फोटो-
- पुलिस की चार टीमें पूरे प्रकरण में छानबीन कर रही है। पुलिस की जांच में ग्राम समाज की भूमि पर साजिशन डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा लगाकर कब्जा करने के प्रयास में मान सिंह का नाम प्रमुखता से आया है। घटना के बाद से ही मान सिंह गांव से भागा हुआ है और अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। पुलिस उसके प्रधानी के चुनाव लड़ने और ग्राम समाज की भूमि को कब्जाने के पहलू की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही उसके साथ रहने वालों की भी कुंडली खंगाल रही है।
-
भीड़ भड़काने वाले युवक की पुलिस दोस्त, कार्रवाई न करने पर भूमिका पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। विवाद में एक युवक पूरे घटनाक्रम में मौजूद रहा। उस युवक की पुलिस दोस्त भी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में युवक लोगों के बीच बातचीत करने और नारेबाजी के दौरान सक्रिय नजर आया है। एक वीडियो में फैजगंज बेहटा थाने में तैनात पुलिस कर्मी भी उसका नाम लेकर भी हालचाल पूछ रहा है। उस युवक का नाम बवाल में शामिल न किए जाने को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। युवक लगातार मौके पर मौजूद रहकर लोगों को उकसाने की कोशिश करता रहा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी उसकी गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इधर, एसएसपी अंकिता शर्मा का कहना है कि जिस युवक का नाम चर्चा में आ रहा है, उसकी भूमिका की जांच कराएंगे।
-
युवक की पुलिस कर्मियों से करीबी नजदीकी के दावे
फैजगंज बेहटा थाने के कई पुलिस कर्मियों से युवक की करीबी नजदीकी बताई जाती है। पुलिस वालों से सांठगांठ होने की वजह से युवक के रौब दिखाने की चर्चाएं भी आम हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में युवक घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ कर रहे एक पुलिस कर्मी से मिलने जाता है तो पुलिसकर्मी युवक से हाथ मिलाते हुए उसका नाम लेते हुए बोलता है कि और क्या हाल है... वहीं, फैजगंज थाना प्रभारी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पर भी सवाल उठे रहे है। मामले में ग्रामीणों और संबंधित पक्ष की ओर से थाना प्रभारी की ओर से एफआईआर में नामजदगी की प्रक्रिया में कई उपद्रवियों को बचाने की चर्चाएं हो रही हैं। कार्रवाई में भी पक्षपात का भी आरोप लगाया जा रहा है।
-
वर्जन
अभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हर किसी की भूमिका की जांच कराई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच कराएंगे।
अंशुमन श्रीवास्तव, सीओ बिसौली