बदायूं। होली की खरीदारी शुरू हो चुकी है। ऐसे में वाहनों के बाजार में जाने से जाम लग रहा है। वाहनों को रोकने के लिए प्रमुख चौराहों व तिराहों पर बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। बड़े वाहन, कार, ई-रिक्शा आदि बाजार में न घुस सकें इसके लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जो 25 फरवरी से सात मार्च तक लागू रहेगा।
नए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, 25 फरवरी से शहर में टिकटगंज चौराहे से वाहनों की नो एंट्री लागू रहेगी। घंटाघर से छह सड़का की ओर आने वाले वाहनों को घंटाघर पर ही रोक दिया जाएगा। घंटाघर पर बनी पार्किंग में ही वाहन खड़े कराए जाएंगे। उधर, जालंधरी सराय चौराहे से भी वाहनों को भीतर नहीं जाने दिया जाएगा।
इसी तरह सुभाष चौक से सराफा बाजार और बड़े बाजार में वाहनों को जाने नहीं दिया जाएगा। ई-रिक्शा व छोटे वाहनों के बाजार में घुसने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसके लिए सभी चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं।
होली को लेकर प्लान तैयार कर लिया गया है। 25 से सात मार्च तक शहर में नो एंट्री लागू रहेगी। बड़े वाहन जैसे कार, ई-रिक्शा, टेंपो आदि बाजार में नहीं जा पाएंगे। -आरएल राजपूत, टीएसआई