बदायूं। दो गोशालाओं में गोवंशों की मौत के मामले में दो बीडीओ के निलंबित होने से जनपद के चार विकास खंड खाली हो गए। इससे विकास कार्यों और मनरेगा योजनाओं में बाधा आ रही थी। इसी को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी के अनुमोदन पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने खाली विकास खंडों पर अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश के अनुसार, बीडीओ वीरेन्द्र राम, जो कैंसर की वजह से अवकाश पर थे, उन्हें मूल तैनाती विकास खंड सालारपुर के साथ ही उन्हें विकास खंड इस्लामनगर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बीडीओ प्रवीण कुमार, जो विकास खंड जगत में तैनात हैं, उन्हें उसावां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ज्वाइंट बीडीओ अवनेश राठौर को विकास खंड म्याऊं का प्रभारी बीडीओ बनाया है। म्याऊं ब्लॉक में मनरेगा योजना के कार्यक्रम अधिकारी का प्रभार खंड विकास अधिकारी जगत प्रवीण कुमार के पास रहेगा। तीनों अधिकारियों ने विकास खंड पहुंचकर ज्वाइन कर लिया। संवाद