दातागंज। पुलिस ने 60 बीघा जमीन का फर्जी तौर से बैनामा कराने वाले चार लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। इससे पहले हजरतपुर पुलिस भी चार लोगों को जमीन के फर्जीवाड़े में जेल भेज चुकी है।
वर्ष 2024 में थाना उसहैत के गांव भुंडी निवासी नाजिरा बेगम पत्नी रायजद खान की साठ बीघा जमीन का बैनामा दूसरी महिला को फर्जी नाजिरा बेगम बनाकर गांव के कबीर खान और मुस्ताक खान पुत्रगण नियात खान लालाराम पुत्र मनोहर और प्रेमपाल पुत्र जगदीश निवासी कलेक्टरगंज, थाना उसावां ने करा लिया था। इसका मुकदमा थाना उसहैत में पंजीकृत हुआ था, लेकिन इसकी जांच कोतवाली दातागंज पुलिस कर रही थी।
शनिवार को इस मामले में इन चारों आरोपियों को दातागंज पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। दो माह पूर्व हजरतपुर पुलिस ने भी धर्मवीर सिंह और ऋषिपाल निवासी ग्राम नगरिया खनू दयाराम निवासी दूसी नगला, थाना आंवला, जिला बरेली और बाबू हसन निवासी पंखा खेड़ा, थाना मदनापुर, जिला शाहजहांपुर को जेल भेज चुकी है।
इन लोगों ने कुंडरा मजरा नौनी टिकन्ना और कटकोरा गांव के कई किसानों की दर्जनों बीघा जमीन फर्जी तौर से नोएडा की एक फर्म को बेच दी थी। यहां का फर्जीवाड़ा काफी बड़ा बताया जाता है। इस प्रकरण में सहयोगी छोटे आरोपी तो पकड़े गए, लेकिन असली मास्टरमाइंड सुरक्षित है।
बताते हैं कि अपने साथ ठगी होने का एहसास होने पर नोएडा की फर्म ने भी जमीन खरीदवाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले दलालों पर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी तो इन लोगों ने फर्जी खरीदी गई जमीन की रकम छह माह में वापस करने का वादा कर दिया है। यह राशि एक करोड़ से ऊपर बताई जा रही है।