बदायूं। पहली ही बारिश में शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद नगर पालिका ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। बरसात के दौरान सड़कों और बाजारों में पानी भरने की समस्या से राहत दिलाने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर नए आरसीसी नालों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही कई नालों को स्लैब डालकर कवर भी किया जाएगा, जिससे जल निकासी के साथ-साथ आवागमन भी बेहतर हो सके।
नगर पालिका ने इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। आर्य समाज चौक पर आरसीसी नाला, स्लैब और एप्रोच निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिस पर 5.94 लाख रुपये खर्च होंगे। रीजेंसी होटल के सामने सड़क पार आरसीसी नाला निर्माण पर 10.24 लाख रुपये की लागत आएगी।
गोपी चौक चौराहे पर रैंप सहित आरसीसी स्लैब और नाला निर्माण कार्य 16.22 लाख रुपये में कराया जाएगा। इसके अलावा लावेला चौक गांधी ग्राउंड मोड़ पर 5.99 लाख रुपये की लागत से आरसीसी कवर्ड नाले का निर्माण होगा। शहर में बढ़ते जलभराव और खराब निकासी व्यवस्था को देखते यह काम महत्वपूर्ण है। हाल के दिनों में हुई बारिश के दौरान कई प्रमुख मार्गों और बाजारों में पानी भर गया था, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि नाला निर्माण कार्य पूरे होने के बाद बरसात का पानी तेजी से निकलेगा और जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी।