बदायूं में बुधवार रात चेकिंग के दौरान चालक के नशे में होने के संबंध में जांच करते एआरटीओ हरिओम।
बदायूं। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के दसवें दिन परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने बुधवार को सुबह से देर रात तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नशे में टेंपो चलाने वाले चालकों की धरपकड़ के लिए एआरटीओ हरिओम ने ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की चेकिंग की। इस दौरान चार चालकों को नशे की हालत में पकड़कर उनके टेंपो सीज कर दिए गए। इसके अतिरिक्त सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 29 वाहनों के चालान किए। साथ ही दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों के विरुद्ध 10 चालान किए।
ककोड़ा मेले में यातायात नियमों की जानकारी संबंधी पंफलेट बांटे
कादरचौक। यातायात माह के तहत बुधवार को मेला ककोड़ा में यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। मेले में आए श्रद्धालुओं और आमजन को पंफंलेट बांटकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों को दोपहिया पर हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने और नशे में वाहन न चलाने के लिए समझाया। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन कर खुद सुरक्षित रहने और दूसरों को भी सुरक्षित रखने की अपील की। संवाद
हेलमेट बांटे, ट्रॉलियों पर लगाए रिफ्लेक्टर
वजीरगंज। यातायात माह के तहत बुधवार को कस्बा सैदपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस ने लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान दोपहिया चालकों को हेलमेट भी वितरित किए गए। सर्दी और कोहरे में हादसे रोकने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि रात में पीछे से आ रहे वाहन चालकों को ट्रॉली दूर से दिख सके। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देने की अपील की है। संवाद