उझानी/ सहसवान। वितरोई के जंगल में बॉडी बंद ट्रक और उससे कुछ दूरी पर करीब चार दर्जन गोवंशीय पशुओं के मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पशु प्रेमियों ने जंगल को खंगाला तो बंजारे और उनके परिवार की महिलाओं के साथ बच्चे भी मिले, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पशु तस्करों से मिलीभगत के शक में बंजारों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पशु प्रेमियों ने सहसवान व उझानी क्षेत्र से इन पशुओं को पकड़े जाने की आशंका जताई है।
वन विभाग के आरक्षित क्षेत्र में वितरोई के पास बॉडी बंद ट्रक बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे खड़ा देखा गया। इलाके के एक व्यक्ति ने पशु प्रेमियों को फोन करके मौके पर बुला लिया। पशु प्रेमी पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव प्रजापति ने बताया कि ट्रक में पुआल के कुछ पूले और गोबर पड़ा था। ट्रक में कोई पशु नहीं था। ट्रक पशु तस्करों का होने के शक में पशु प्रेमियों और ग्रामीणों ने जंगल को खंगालना शुरू कर दिया।करीब छह-सात किलोमीटर के दायरे में पशु प्रेमियों को एक स्थान पर चार दर्जन से अधिक गोवंशीय पशु बंधे मिले। माना जा रहा है कि तस्कर इसी ट्रक से गोवंशीय पशुओं को बाहर ले जाने की फिराक में थे।
पशु प्रेमियों ने ट्रक उझानी कोतवाली की कछला पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस कर्मी उसे क्रेेन से खिंचवा ले गए। यहां से कुछ दूरी पर पशु प्रेमियों को आठ-नौ लोग मिले। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इन्हें सहसवान कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। ये बंजारे बताए जा रहे हैं। ये लोग खुद को राजस्थान के भीलबाड़ा का निवासी बता रहे हैं।
आरोप है कि बंजारे जंगल में गोवंशीय पशुओं को पकड़कर तस्करों के हवाले कर दिया करते थे। ग्रामीणों में चर्चा है कि गोवंशीय पशुओं से लदा एक ट्रक मंगलवार रात बाहर भेजा भी जा चुका हैै। यह काम लंबे समय से चले आने की आशंका जताई जा रही है। बंजारों से सहसवान पुलिस पूछताछ कर रही है। सहसवान कोतवाली के इंसपेक्टर क्राइम हरवीर सिंह ने बताया कि जांच चल रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों की भीड़ ने कर दी बंजारों की पिटाई
पहले ट्रक, फिर गोवंशीय पशु, फिर बंजारों के मिलने के बाद इलाके के ग्रामीण भी इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही दो- तीन बंजारों की पिटाई कर दी। पहुंचते ही पुलिस ने बंजारों को हिरासत में ले लिया। बंजारों ने पुलिस को यह भी बताया कि वह तस्कर नहीं हैं। पशुओं को पालते हैं।
चौकीदार की भूमिका पर उठाए सवाल
वन विभाग के आरक्षित क्षेत्र में बंजारों की मौजूदगी और ट्रक मिलने के बाद यह तो साफ है कि उन्हें कोई शरण तो देता रहा होगा। पशु प्रेमियों के मुताबिक, वन विभाग के एक चौकीदार की भूमिका पर शक है। चौकीदार से बंजारों का सामना कराया गया तो वह जवाब भी नहीं दे पाया। चौकीदार की शिकायत विभाग के अफसरों से की गई है।
मिले पशु बक्सर के नजदीक गोआश्रय भेजे
पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव प्रजापति ने बताया कि पशु प्रेमी अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवा करते हैं। जंगल में बंजारों के आसपास मिले गोवंशीय पशुओं को सहसवान क्षेत्र में बक्सर के नजदीक के गोआश्रय में भेजा गया है। पुलिस कर्मियों ने गोआश्रय के संचालक से बात कर ली है।
मामले की पुलिस जांच कर रही है। बंद बॉडी ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर मिले गोवंशों को गोशाला भिजवाया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। -देवेंद्र कुमार, सीओ, उझानी
उझानी के जंगल में मिले पशु तस्करों के वाहन को खींचकर ले जाती क्रेन।- स्रोत: वीडियो ग्रैब
उझानी के जंगल में मिले पशु तस्करों के वाहन को खींचकर ले जाती क्रेन।- स्रोत: वीडियो ग्रैब