डीजे पर पाबंदी के बाद भी रामसेवक ने निकाली कांवड़ यात्रा
कछला से लेकर बदायूं तक समर्थकों ने किया धूमधड़ाका
वंदे मातरम की गूंज के बीच थिरके उत्साहित समर्थक
डीजे पर पाबंदी के बाद भी रविवार को भाजपा के पूर्व विधायक रामसेवक सिंह पटेल ने समर्थकों संग कांवड़ यात्रा निकाली। डीजे की धुनों पर समर्थकों ने खूब नृत्य किया। डीजे पर वंदे मातरम की धुन पर पूर्व विधायक के समर्थकों ने गुलाल उड़ाया।
पूर्व विधायक रामसेवक सिंह पटेल और हिंदू जागरण मंच के नेता मुकेश पटेल की अगुवाई में बदायूं के कांवडियों का जत्था दोपहर बाद कछला गंगाघाट पर पहुंचा। कांवड़ भरकर डीजे बजाते हुए कछला से चले पूर्व विधायक और उनके समर्थकों को रास्ते में रोके जाने की पुलिस की मंशा भी रही, लेकिन भीड़ की वजह से पुलिस ने ऐन वक्त पर इरादा बदल दिया। कछला चौराहे और यहां पहुंचाकर मेन मार्केट में उनके समर्थकों ने जोश का भी इजहार किया। मैजिक वाहन पर लगे डीजे की धुन पर युवकों ने खूब नृत्य किया। डीजे वाली कांवड़ यात्रा को देखने के लिए दुकानदार भी प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल बदायूं के शिवभक्तों का हौसला भी बढ़ाया। शिवभक्तों ने गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को सराबोर कर दिया। बता दें कि पुलिस प्रशासन कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध लगा चुका है।
-----
मूकदर्शक बने दिखे पुलिस कर्मी
उझानी। डीजे वाली कांवड़ यात्रा के कछला से निकले ही उझानी कोतवाली क्षेत्र में जितने भी पुलिस के प्वाइंट थे, उन पर तैनात फोर्स मूकदर्शक बने नजर आया। मंडी समिति मोड और घंटाघर चौराहे पर तो पुलिस कर्मियों ने कांवड यात्रा को रूट साफ कराने में रूचि ज्यादा दिखाई।