स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंच कर की औपचारिकता
कई लोग बीमार, निजी डॉक्टरों से करा रहे इलाज
दहगवां ब्लाक के गांव दानपुर में डायरिया का प्रकोप है। गांव में पिछले 10 दिन में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग बीमार हैं। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची, लेकिन सिर्फ औपचारिकता पूरी की। तमाम बीमार निजी डाक्टरों के यहां इलाज करा रहे हैं।
दानपुर निवासी सालिकराम की पत्नी नेमवती (38) को कई दिन से बुखार के साथ उल्टी-दस्त की शिकायत थी। इलाज के दौरान नेमवती की मौत हो गई। शुक्रवार को ओम प्रकाश के आठ वर्षीय पुत्र नेमचंद्र ने डायरिया के चलते दम तोड़ दिया था। इससे पहले गांव के वीरेंद्र के 15 वर्षीय पुत्र हृदेश की डायरिया से मौत हो चुकी है। गांव के अमरपाल की पत्नी ओमवती की हालत गंभीर बनी हुई है। डायरिया के प्रकोप के चलते गांव के लोग डरे हुए हैं। इस्लामनगर और दहगवां स्वास्थ्य केंद्रों में तमाम लोग इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग गांवों में फैले संक्रामक रोगों की सुध नहीं ले रहा।
------
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा
बदायूं। संक्रामक रोगों का सीजन चालू होने के साथ जिला अस्पताल आने वाले मरीजों की संख्या में भी अचानक इजाफा हुआ है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1200 मरीज पहुंचे थे। डायरिया के मरीजों के लिए अलग से वार्ड बना दिया गया है। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।