बदायूं। बिसौली क्षेत्र में तैनात वन रक्षक पर अनियमितता की शिकायत मिलने पर डीएफओ ने जांच शुरू करा दी है। एसडीओ ने वन रक्षक पर लगे आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की शिकायत पर वन रक्षक सोनम सेंगर के खिलाफ जांच करा रहे हैं। इस प्रकरण में एक जांच पूरी हो चुकी है, जिसकी चार्जशीट की तैयारी की जा रही है। दूसरे मामले की जांच एसडीओ से करा रहे हैं, उसकी रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिसौली वन विभाग रेंज में तैनात वन रक्षक सोनम सेंगर की शिकायत पूर्व में विनोद कुमार ने डीएफओ की थी। इसमें उन्होंने मदनजुड़ी-मई बसई मार्ग पर गड्ढा खुदान कार्य में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। इस मामले में डीएफओ की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इसके बाद वन रक्षक पर आंधी में गिरे सरकारी वृक्षों की लकड़ी को अवैध रूप से बेचने, काल्पनिक पौधरोपण की निराई, गुणाई, सिंचाई और देखभाल करने के नाम पर लगातार फर्जी बिल लगातार सरकारी धनराशि हड़पने के आरोप लगाए गए थे।
गंभीर आरोप लगाते हुए बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य ने भी 28 मई को डीएफओ को पत्र लिखा था, जिसके बाद वन विभाग में हलचल मची। डीएफओ ने मामलों की जांच कराने का आदेश दिया। डीएफओ ने बताया कि एक आरोप की जांच पूरी हो गई है। चार्जशीट तैयार हो रही है। दूसरे मामले में एसडीओ जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने जो रिपोर्ट आएंगी, उसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
वन विभाग में तैनात वन रक्षक की ओर से घोटाला किया जा रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए डीएफओ से पत्राचार किया गया है।
-आशुतोष मौर्य, विधायक बिसौली