सैदपुर। नवरात्र पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। रविवार को विभागीय टीम ने बिसौली और सैदपुर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर चार दुकानों से खाद्य नमूने लिए। इस दौरान कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से भाग गए।
बिसौली नगर की मुख्य बाजार के एक किराना स्टोर से साबूदाना, दबतोरी रोड पर शर्मा प्रतिष्ठान से कुट्टू का आटा और किशमिश के नमूने लिए गए। अधिकारियों के पहुंचते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर खिसक लिए।
सैदपुर कस्बे में सालिम किराना स्टोर से मखाना का नमूना लिया गया। यहां करीब आधा दर्जन दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने की कड़ी चेतावनी दी गई। टीम ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और नकली सामान बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि कई जगह एक्सपायर शीतल पेय पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी माता शंकर बिंद, करन सिंह और प्रमोद कुमार शामिल रहे। जांच अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।