दातागंज। ईओ के साथ लंबी बैठक के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म कर दी है। सफाई नायक ने बताया कि बुधवार अपराह्न दो बजे से कस्बा में सफाई का काम भी शुरू करा दिया गया।
सफाई नायक जितेंद्र ने बताया कि ईओ ने सफाई कर्मियों के बीच की गई अभद्रता पर हाथ जोड़कर माफी मांग ली है। यही हमारी मांग भी थी। इधर, ईओ विकास आनंद ने बताया नगरपालिका परिवार का मामला है। साथ में बैठकर पूरा मामला निपट चुका है। उन्हें खुशी है कि सफाई कर्मी काम पर लौट आए हैं।
मंगलवार को ईओ और सफाई नायक के बीच विवाद हो जाने पर सफाई नायक ने उनपर अभद्र भाषा बोलने का आरोप लगाया था। तमाम सफाई कर्मी सफाई नायक के पक्ष में आ गए थे। सभी ने एक राय होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया था। कहा था कि जबतक ईओ माफी नहीं मांगेगे, हड़ताल जारी रहेगी। आज ईओ के साथ बैठक के बाद हड़ताल को समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। कस्बा में सफाई कार्य शुरू हो जाने पर कस्बावासियों ने भी संतोष जताया है।