सचल दल ने परीक्षा के दौरान बीआईएमटी में कक्षों का निरीक्षण किया। स्त्रोत स्वयं
बदायूं। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षा के चौथे दिन सचल दल ने बीआईएमटी केंद्र का निरीक्षण किया। टीम ने सीसीटीवी कैमरे व्यू और परीक्षा कक्षों में जाकर देखा, वहां सभी कुछ ठीक मिला।
जिले में एक राजकीय डिग्री कॉलेज संगठक, तीन सहायता प्राप्त, पांच राजकीय डिग्री कॉलेज और 33 प्राइवेट कॉलेज के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए उच्चशिक्षा के जिला नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार बत्रा ने शनिवार को बीआईएमटी का औचक निरीक्षण किया।
टीम में डॉ. नरेंद्र कुमार बत्रा के अलावा डॉ. राकेश कुमार जायसवाल, डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. संजय कुमार व डॉ. सरिता यादव के साथ सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली, जिसमें किसी भी परीक्षार्थी के पास नकल सामग्री नहीं मिली। केंद्र अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता की मौजूदगी में सीसी टीवी कैमरों का व्यू चेक किया गया, जो सही मिला।
डॉ. नरेंद्र कुमार बत्रा ने जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों के अध्यक्षों को निर्देशित किया है कि परीक्षा कक्ष के सभी सीसीटीवी कैमरे वॉयस रिकॉर्डिंग के साथ चालू हालत में रखे जाएं। किसी भी दशा में परीक्षार्थी और कक्ष परिप्रेक्षक के पास मोबाइल व किसी भी प्रकार की डिजिटल डिवाइस नहीं होनी चाहिए।