बदायूं। गंगा का जलस्तर अब तेजी से कम होने लगा है। जलस्तर कम होने के साथ कटान भी तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को खतरे के निशान पर गंगा का जलस्तर 162.24 मीटर दर्ज किया गया। अब यह खतरेे के निशान से 24 सेमी ऊपर है। शुक्रवार को जलस्तर में और भी कमी आने की उम्मीद है।
बुधवार को गंगा का जलस्तर मीटर गेज पर रिकार्ड 162.75 मीटर तक पहुंच गया था। इस कारण तटवर्ती 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से इन गांवों में सड़क संपर्क कट गया था। तटबंधों पर भी काफी दबाव बना हुआ था। बुधवार को जलस्तर में कमी आई। बुधवार को नरौरा से गंगा में 1.54 क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने के बाद मीटर गेज पर जलस्तर 161.62 मीटर दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को जलस्तर घट कर 162.24 मीटर पर आ गया है।
बृहस्पतिवार को गंगा में नरौरा से 58395, बिजनौर से 43957 और हरिद्वार से 56640 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शुक्रवार को जलस्तर में और भी कमी आने की उम्मीद है। इस बीच दातागंज और सहसवान क्षेत्र के तटवर्ती गांवों में कटान काफी तेज हो गया है। सहायक अभियंता बाढ़ खंड नेशपाल सिंह ने बताया कि जलस्तर कब तेजी से कम हो रहा है। हालांकि, इसके साथ कई स्थानों पर कटान भी तेज हो गया है।