बदायूं के रुदायन में अवैध निर्माण हटाने के दौरान तैनात पुलिस बल। स्रोत जागरूक पाठक
इस्लामनगर। तहसील मजिस्ट्रेट बिल्सी गौरव आर्य के निर्देश पर रुदायन नगर पंचायत में आम रास्ते पर कब्जा करने वालों के अतिक्रमण को बुलडोजर से ध्वस्त कर रास्ता खुलवा दिया। रास्ता खुलने से लोगों में खुशी की लहर है।
वार्ड संख्या-4 के मोहल्ला अहेरियान में थान सिंह पुत्र राजाराम और ओमपाल पुत्र भूरे ने मौर्य लोगों की तरफ जा रहे रास्ते को दीवार लगाकर बंद कर दिया था। मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन सुलझ नहीं पाया। वर्ष 2022 में मामला एसडीएम बिल्सी की अदालत में पहुंचा। पुलिस एवं राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम बिल्सी ने 12 नवंबर को रास्ता खुलवाने के आदेश दिए थे। साथ ही नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को भी अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे।
निर्देश पर अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश, इस्लामनगर थाना पुलिस के साथ अतिक्रमण स्थल पर पहुंचे और बुलडोजर से दीवार ध्वस्त कराकर आम रास्ता खुलवा दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल और पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं थान सिंह ने एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। एसडीम बिल्सी गौरव आर्य ने बताया दोनों पक्षों कोर्ट पर सुना गया था,उसके बाद ही अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। संवाद