सिविल लाइंस थाने में खड़े चोरी के आरोपी। स्रोत:पुलिस
बदायूं। सिविल लाइंस पुलिस ने मंगलवार देर रात एक बंद घर में हुई चोरी के मामले का खुलासा किया है। मोहल्ले के ही पांच चोरों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मोहल्ला मीरा सराय गिहार बस्ती निवासी जाहिद खां के घर में मंगलवार रात चोरी हो गई थी। बुधवार सुबह मोहल्ले के अलवीरा ने उन्हें चोरी की सूचना दी। घर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। उन्होंने दरवाजे पर लगा ताला खोलकर अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था।
ई-रिक्शा की बैटरी, चार्जर, मोटर, तीन गैस सिलिंडर गायब थे। चोर छत के सहारे घर के अंदर आए थे। जाहिद खां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। जांच में मोहल्ले के ही पांच युवकों की चोरी में संलिप्ता पाई गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को नेकपुर अंडरपास से चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चोरों ने अपने नाम सनी, समीर, मंजीत, मनीष और आजम बताए। चोरी की घटना स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। साथ ही चोरी का सामान ले जाने में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी पकड़ लिया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि पांचों चोरो को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।