इस पर याबर और दीपक के बीच कहासुनी हुई, लेकिन दीपक ने शीशा बदलवाने की बात कहकर मामला शांत करा दिया। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले याकूब कुरैशी भी मौके पर पहुंच गए। यहीं पर याबर और याकूब के बीच टेंपो से बाइक को टक्कर लगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद घरों और छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। पथराव से पूरे मोहल्ले में भगदड़ और दहशत फैल गई। गलियां पथराव से पट गई।
पथराव और बवाल की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसपी ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और बवालियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। पथराव करने वालों को पुलिस कर्मियों ने दूर तक खदेड़ा। इसके बाद बिल्सी सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। -आलोक सिद्दू, सीओ बिल्सी
पथराव और मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसमें 9 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। इसमें विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-डॉ. हृदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण