मुड़िया सतासी गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगे शिविर में जांच की गई। संवाद
बदायूं/ बगरैन। इस्लामनगर के गांव जगत पीपरी में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में किट से की गई जांच में पांच मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। पुष्टि के लिए मरीजों के नमूने अब एलाइजा जांच के लिए भेजे जाएंगे। एलाइजा रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू संक्रमण की पुष्टि हो सकेगी।
इस्लामनगर के गांव जगत पीपरी में बुखार के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया गया था। शिविर में बुखार और अन्य लक्षण वाले 270 मरीजों की जांच की गई। किट जांच में पांच लोगों में डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के नमूने एलाइजा जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
वहीं मुडिया सतासी में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 69 मरीज पहुंचे थे, जिसमें 64 मरीजों की जांच की गई। इसमें डेंगू का कोई पॉजिटिव मरीज नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां भी बुखार और अन्य लक्षण वाले मरीजों की जांच की। इस संबंध में सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने बताया गांव में टीमें भेजी जा रही है। लोगों को इलाज किया जा रहा है।