मथुरा के मुगर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला चिंटो का रहना वाला एक परिवार अस्थि विसर्जन के लिए बदायूं के कछला गंगा घाट पर पहुंचे थे। इस दौरान एक युवक बहने लगा। उसे बचाने के चक्कर में अन्य लोग भी बह गए। हालांकि गोताखोरों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया है। लापता एक युवक की तलाश की जा रही है।
बदायूं के कछला गंगाघाट पर अस्थि विसर्जन के बाद डुबकी लगाते समय मथुरा जिले के पांच युवक बह गए। उनके परिवार की महिलाओं ने शोर मचाया तो कई दुकानदार ओर गोताखोर उनके बचाव को गंगा नदी में कूद पड़े। चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन गोताखोर को एक सुराग नहीं मिल पाया। उसकी तलाश में गोताखोर जुटे हुए हैं। पुलिस ने नाविकों को भी खोजबीन में लगा दिया है।
विज्ञापन
मथुरा जिले के मुगर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला चिंटो निवासी पूरन सिंह के परिवार के लोग अस्थि विसर्जन के लिए सुबह निजी वाहन से घाट पर पहुंचे थे। पूरन ने घाट से दूर नाव के जरिए अस्थि विसर्जन किया। इसके बाद महिलाओं के साथ परिवार के सभी लोग पुल के पास स्नान करने लगे। डुबकी लगाते समय पूरन के परिवार का ही सूरज सिंह (20) पुत्र वीरेंद्र सिंह डूबने लगा।
यह देख परिवार के ही लोगों में कन्हैया (18) पुत्र पूरन, कृष्णा (19) पुत्र गोविंद, वीरेंद्र (50) और रोहित (20) पुत्र कुंवरसेन भी आगे बढ़ते चले गए। गहराई अधिक और प्रवाह तेज होने की वजह से पांचों बह गए। आवाज सुनकर पहुंचे गोताखोरों ने एक-एक करके कृष्णा, वीरेंद्र, सूरज और रोहित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि गोताखोरों को कन्हैया कहीं नजर नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लापता युवक की तलाश में लोगों को लगाया है।