नाई से मिघोईया जाने बाला कच्चा रोड। स्रोत- ग्रामीण
बदायूं। सदर विधानसभा क्षेत्र को विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद गुप्ता के प्रयासों से शासन ने चार महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए पांच करोड़ की धनराशि मंजूर कर दी है। इन सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
शासन स्तर से जारी आदेश के अनुसार राज्य सड़क निधि के अंतर्गत दराबनगर से कली मार्ग, ग्राम नई से फुलवाय, नवाबगंज गोटिया से सलननगर और कालिया से बगरपुर तक सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह द्वारा प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बाद क्षेत्रीय जनता में खुशी का माहौल है। विधायक महेश चंद गुप्ता ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण के लिए शासन ने पांच करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए थे।