15 police personnel missing from Kawand Datta
- फोटो : 15 police personnel missing from Kawand Datta
कांवड़ ड्यूटी पर पुलिस की व्यवस्थाओं की शनिवार को उस वक्त पोल खुल गई जब सीओ गमलेश्वर विल्टोरिया उझानी से कछला तक पुलिस पिकेट को चेक करने निकले। उन्हें मेन मार्केट में प्रमुख तीनों पिकेट पर सिपाहियों के साथ दरोगा भी नहीं मिले। छतुइया और बुटला पिकेट के सिपाही तो पहुंचे ही नहीं थे। सीओ ने गैरहाजिर तीनों दरोगाओं समेत 15 पुलिस कर्मियों के लापता होने की जानकारी जीडी में दर्ज की है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की एक दर्जन से अधिक पिकेट हैं। प्रमुख पिकेट में जजपुरा मंदिर, बाईपास, घंटीघर चौराहा, आफाक तिराहा, मंडी समिति मोड़, छतुइया, बुटला, वितरोई मोड़ और कछला चौराहा शामिल हैं। ड्यूटी की पहली शिफ्ट में घंटाघर चौराहे पर दरोगा ललित कुमार सिंह, आफाक तिराहे पर संजय शर्मा और मंडी मोड़ पर दरोगा हरीशचंद्र को पुलिस कर्मियों के साथ लगाया गया था। चेकिंग के दौरान सीओ गमलेश्वर विल्टोरिया को तीनों पिकेट पर दरोगाओं के साथ सिपाही नहीं मिले। मार्केट की प्रत्येक पिकेट पर दरोगा के साथ तीन-तीन सिपाही लगाए गए थे। बुटला ओर छतुइया पिकेट पर छह सिपाही ही थे।
चेकिंग के दौरान गायब पुलिस कर्मियों की बारे में सीओ ने जानकारी की तो खलबली मच गई। बाद में कई पुलिस कर्मी पिकेट पर पहुंच भी गए लेकिन जब उन्हें हकीकत का पता लगा तो पुलिस कार्यालय संपर्क साधने में जुट गए। सीओ ने बताया कि कांवड़ ड्यूटी से गायब पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कोतवाली में तीनों दरोगाओं समेत सभी 15 पुलिस कर्मियों की रपट दर्ज करा दी। उनसे पहले स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। बाद में कार्रवाई होगी। बता दें कि एक दिन पहले ही पुलिस अफसरों ने कांवड़ ड्यूटी को अतिमहत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस कर्मियों को सजग रहने की हिदायत दी थी।