बिल्सी बिजलीघर के यार्ड में काम करते कर्मचारी। संवाद
बिल्सी। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के यार्ड में जर्जर मेन लाइनों की मरम्मत का काम रविवार पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हो गया। इसकी वजह से तीन घंटे तक नगर और देहात क्षेत्र की आपूर्ति बंद रही। इसके बाद दो घंटे की रोस्टरिंग की गई। रविवार को बिजली गुल रहने से करीब पांच घंटे क्षेत्रवासी परेशान रहे।
मोहल्ला संख्या पांच स्थित विद्युत उपकेंद्र के यार्ड की मेन लाइन काफी खस्ताहाल हो चुकी, जो अक्सर टूट जाती थी। यार्ड के अंदर की जर्जर लाइनों की मरम्मत का काम पूर्वाह्न 11 बजे अवर अभियंता दिनेश कुमार सिंह की मौजूदगी में दर्जनों कर्मचारी द्वारा शुरू किया गया। कार्य करने में करीब तीन घंटे का समय लगा।
यार्ड की जर्जर लाइनों की मरम्मत के कारण नगर एवं देहात क्षेत्र की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। तीन घंटे बिजली बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई। हालांकि विभागीय अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं को यह पहले ही संदेश दे दिया गया था कि यार्ड की मेन लाइनों की मरम्मत का काम रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे से किया जाएगा, इसके चलते उपभोक्ताओं ने अपनी तैयारी कर रखी थी। कर्मचारियों ने अपराह्न एक-दो बजे तक कार्य पूरा कर लिया। उसके बाद दो घंटे की रोस्टरिंग हुई। शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल होने के बाद ही उपभोक्ताओं को परेशानी से निजाद मिल सकी।