उझानी। दो महीने पहले विवाहिता की गला दबाकर जान से मारने की कोशिश में रिपोर्ट दर्ज हुई तो पति समेत अन्य आरोपियों के पकड़े जाने से डर से उस वक्त समझौता कर लिया गया, लेकिन उसके बाद भी मारपीट का सिलसिला थमा नहीं। पिछले माह विवाहिता की फिर पिटाई की गई तो उसे पुलिस की दोबारा शरण लेनी पड़ी।
मामला श्रीनारायणगंज मोहल्ले में लिंक रोड इलाके का है। विवाहिता अन्नू के मुताबिक- पति भानु देवड़ा, देवर अंकित और करण, ससुर देवी सिंह उससे काफी पहले से मारपीट करते आ रहे हैं। इसी के चलते 11 जुलाई को अन्नू की गला दबाकर जान से मारने कोशिश की गई।
पुलिस ने उसी वक्त अन्नू की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपियों को पकड़े जाने का डर सताने लगा। ऐसे में आरोपियों ने अन्नू से समझौता कर लिया। कई दिनों तक घर में सबकुछ सामान्य रहा। इसके बाद फिर अन्नू को प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि 24 नवंबर को पति समेत उसके परिजनों ने अन्नू की फिर पिटाई की।
उसे घर से निकालकर बाहर खड़ा कर दिया। मासूम बच्चों के सामने मारपीट से अन्नू सहम गई। इसके बाद से अन्नू को घर में घुसने नहीं दिया गया। पुलिस ने अन्नू की तहरीर पर एक बार फिर उसके पति समेत दोनों देवरों और ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में अन्नू का यह भी कहना है कि अशिक्षित होने की वजह से पति ने समझौता पत्र पर उसका अंगूठा लगवा लिया था।