बदायूं। शहर की मंडी समिति में गुरुवार को एक आढ़त पर सब्जी बेच रहे युवक को एक व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली युवक के सीने से पार होकर दूसरे सब्जी विक्रेता के पैर में जा लगी, जिससे वह भी जख्मी हो गया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। सीने में गोली लगने के बाद सब्जी विक्रेता वहीं गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मीरा सराय निवासी अजय मौर्य (20) पुत्र चंद्रभान सब्जी बेचने का काम करता है। अजय गुरुवार सुबह करीब आठ बजे रोज की तरह मंडी समिति में पूरनलाल की आढ़त पर सब्जी बेच रहा था। बराबर में उसके मोहल्ले के ही चेतराम (45) पुत्र नारायण दास, विजय पुत्र चौधरी चंद्रपाल, पप्पू पुत्र रतनलाल और विश्नू पुत्र रामबहादुर आदि भी सब्जी बेच रहे थे। बताते हैं कि चार दिन पूर्व अजय का मोहल्ले के ही संतोष यादव पुत्र अजयपाल यादव से मैच खेलने को लेकर विवाद हो गया था, तभी से वह अजय से रंजिश मान रहा था। गुरुवार सुबह संतोष मंडी समिति में तमंचा लेकर पहुंच गया और उसने पूरन लाल की आढ़त पर बैठे अजय को गोली मार दी, जो उसके सीने में लगकर पार निकल गई और पास में बैठे चेतराम के पैर में जा लगी। गोली चलने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग हमलावर को पकड़ पाते, उससे पहले वह मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसके बाद घायलों को जिला अस्पताल ले गई। एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव भी वहां पहुंच गए। हालत गंभीर देखकर अजय को बरेली रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने अजय के तहेरे भाई महेंद्र मौर्य की तहरीर पर संतोष यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अभी आरोपी पकड़ा नहीं गया है। वह फरार बताया जा रहा है।