बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या एक में बृहस्पतिवार दोपहर एक इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी के घर में बने गोदाम में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। जिससे गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। मोहल्लों वालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर फायर बिग्रेड भी घटना स्थल पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।
नगर के बम्बा चौराहे से खैरी रोड पर विमल माहेश्वरी उर्फ बिल्लू की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। दुकान से थोड़ी दूरी पर उनका घर और गोदाम है। व्यापारी ज्यादातर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण घर में बने गोदाम में ही रखते थे। बृहस्पतिवार दोपहर अचानक घर के बच्चों ने धुआं निकलता देखा, अफरातफरी मच गई। परिजन आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। देखते-देखते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। व्यापारी के मुताबिक, गोदाम में रखा एलईडी, पंखा, वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन, कूलर किट, टीवी समेत दस लाख रुपये से अधिक का सामान आग में जलकर स्वाहा हो गया। अगर समय रहते मोहल्ले वालों ने आग बुझाने में सामूहिक प्रयास नहीं किया होता तो यह हादसा बड़ा हो सकता था।