बदायूं के कादरचौक क्षेत्र के गांव लभारी के प्राथमिक स्कूल में छात्रों का खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर में आग लग गई। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने गांव वालों की मदद से बच्चों को सकुशल स्कूल से बाहर निकाला। आग बुझाने के उपकरण शोपीस मिले। सिलिंडरों पर जंग आ रही थी। किसी को चलाना भी नहीं आया। पुलिस ने जब उनको चलाया तो सब खराब मिले।
प्राथमिक स्कूल लभारी में 280 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। शुक्रवार को 61 छात्र स्कूल पहुंचे। हादसा उस समय हुआ जिस समय छात्रों को खिलाने के लिए खाना बनाने के लिए रसोईया रसोई घर में काम कर रहीं थीं। अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग लगने के बाद भगदड़ मच गई। छात्र-छात्राएं चीखने लगीं। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर आ गए। आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। किसी ने थाना पुलिस को हादसे की सूचना दे दी, जिसपर पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।