तेलिया नगला में घर में लगी आग। संवाद
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव तेलिया नगला में सोमवार रात करीब 11 बजे छह घरों में आग लग गई। आग से छह घरों में रखा घरेलू सामान, अनाज, कपड़ा, बर्तन आदि सामान जल गया। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से देर रात में ही आग पर काबू पा लिया। मंगलवार को राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर क्षति का आंकलन किया है। टीम ने तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजी है।
तेलिया नगला गांव के रामलाल के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। ग्रामीण उनके घर में आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक पड़ोस के अनार सिंह, जोगेंद्र, योगेश, राजाराम व पप्पू के घरों तक आग फैल गई। इससे सभी के घर आग की जद में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आस पड़ोस के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। ग्रामीण आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। ग्रामीणों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग पर डाला। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सभी छह घरों में रखा गृहस्थी का सभी सामान जल गया। ग्रामीणों ने बताया कि आग से अनाज, कपड़ा, बर्तन, चारपाई, बिस्तर समेत सारा सामान जल गया। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तब ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। मंगलवार की सुबह हल्का लेखपाल के साथ राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची। जहां टीम ने आग से हुई क्षति का आंकलन किया।
तपती गर्मी में आसमान के नीचे आए परिवार
छह घरों में रहने वाले लोग तपती गर्मी में खुले आसमान के नीचे आ गए। पीड़ितों के पास सिर छुपाने को भी जगह नहीं बची। जिस आशियाने में पीड़ित रात गुजारते थे। अब उसके स्थान पर राख का ढेर जमा हो गया हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे दिन रात काटने को मजबूर हो गए हैं। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
तेलिया नगला में घर में लगी आग। संवाद