शहर के कबूलपुरा क्षेत्र में पुराने टायर के गोदाम में उठती आग की लपटें। स्त्रोत स्वंय
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा में शुक्रवार देर रात पुराने टायरों के गोदाम में आग लग गई। आग की लपटें देख मोहल्ले के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर दो गाड़ियों से दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
मोहल्ला मुस्तफागंज निवासी शारिक पुत्र अफसर का कबूलपुरा मोहल्ले में पुराने टायर का गोदाम है। यहां लकड़ियों का ढेर भी लगा हुआ था। शुक्रवार रात तकरीबन ढाई बजे अचानक किसी तरह लकड़ियों के ढेर में आग लग गई। टायरों के पास पहुंचकर आग ने विकराल रूप ले लिया।
गोदाम के भीतर से ऊंची लपटें उठने लगीं। इससे आस-पड़ोसी समेत मोहल्ले के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोग आग बुझाने के प्रयास में भागते रहे, लेकिन गोदाम बंद होने के चलते वह कामयाब नहीं हो सके। लोगों ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। देर रात ही दमकल विभाग के कर्मचारी पहले पानी की एक गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे।
इसके बाद दातागंज से एक और गाड़ी मंगवाई गई। कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भोर हो चुकी थी। शारिक के मुताबिक, आग से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी। इसका पता नहीं चल सका है। नुकसान का आकलन अभी नहीं कर पाए हैं।