बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी बिसौली क्षेत्र के युवक से तय हुई थी। लड़के के पिता ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की। कहा कि दूसरी पार्टी पांच लाख रुपये दे रही है। लड़की पक्ष ने असमर्थता जताई तो शादी से इंकार कर दिया। इस पर उन्होंने लड़के व उसके पिता समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कराई है।
पुलिस के मुताबिक एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी बिसौली क्षेत्र के गांव मिठामई में जसवीर के साथ तय की थी। शादी तय हो जाने के बाद गोदभराई की रस्म पूरी हो गई। पांच मई को शादी होनी थी। आरोप है कि जसवीर ने बाइक मांगी तो लड़की पक्ष ने एक लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद जसवीर के पिता कन्हई ने तीन लाख रुपये यह कहते हुए मांगे कि दूसरा रिश्ता आया है, वह पांच लाख नकद देने को कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मोबाइल की लत ने ली जान: बरेली में रेल इंजन से कटकर दो छात्रों की मौत, पटरी पर बैठ देख रहे थे रील
यह सुनकर लड़की के पिता परेशान हो गए। उन्होंने असमर्थता जताई तो लड़का पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने जसवीर, कन्हई, कांति देवी पत्नी कन्हई और किशनपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र कोतवाली में नहीं दिया गया था। बेटी के पिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजा था। इसी आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। विवेचना दरोगा कपिल कुमार को सौंपी गई है।