बदायूं। दहेज हत्या के मामले में अदालत के आदेश पर दातागंज पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर के गांव नगरिया खुर्द निवासी रामपाल का कहना है कि उसने अपनी बेटी गुड्डी की शादी दस साल पहले दातागंज थाना क्षेत्र के गांव झुकसा निवासी सुनील से की थी। गुड्डी के दो बेटियां होने पर पति समेत परिवार के लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। साथ ही मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देते थे। कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने। बेटा न होने पर कई बार डीजल डालकर गुड्डी को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बच गई।
14 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि गुड्डी को उसकी ससुराल वालों ने दहेज के लालच में और बेटा न होने के ताने देकर उसकी हत्या कर दी है। रात्रि में गुड्डी के पास जाने की व्यवस्था न होने के कारण 15 अक्तूबर की सुबह रामपाल परिवार सहित पहुंचा तो गुड्डी के शव को श्मशान ले जा चुके थे।
श्मशान घाट पर जाकर देखा तो गुड्डी का शव नीला पड़ा था। पता लगा कि उसे जहर देकर मारा गया है। अभियुक्तों ने खुद कबूल किया कि उन्होंने जहर देकर मारा है। जब पोस्टमार्टम कराने को कहा तो परिजनों ने सुनील के हिस्से की जायदाद गुड्डी की लड़कियों के नाम करने की बात कहकर कार्रवाई न करने की बात कही, जिस पर रिश्तेदार आदि के कहने पर कार्रवाई नहीं की गई।
शव का अंतिम संस्कार करने के बाद सुनील व उसके परिजनों ने गाली-गलौज कर उसे भगा दिया। कहा- अब तो सभी सुबूत मिट गए, जो करना हो वह करो, हम जमीन भी नाम नहीं करेंगे। थाना पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर दातागंज पुलिस ने सुनील, रामवीर, विकास, गुड्डू, रामपाल, अंकित, संजू देवी व अनूपा देवी के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।