अलापुर। ककराला में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से सरेआम हमला करके लहूलुहान करने के मामले में घायल के भाई ने भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज हो जाने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
ककराला के वार्ड 16 निवासी मशरूर खां ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार की देर शाम उसका भाई सरफराज खां बाजार गया था। जब वह नगर पालिका कार्यालय के पास पहुंचा तो वार्ड 15 निवासी भाजपा नेता मरगूब उर्फ सोनी ने धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसका बदायूं जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मरगूब बीजेपी से पालिकाध्यक्ष के लिए चुनाव भी लड़ चुका है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कुछ परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। हमले में घायल का भाई भी बीजेपी का समर्थक बताया जाता है। उसने किस बात को लेकर हमला किया, यह स्पष्ट नहीं हुआ है।