बिल्सी। अगौल के जितेंद्र हत्याकांड में थाना पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भाई आकाश का कहना है कि उसके गांव का युवक जितेंद्र को बाइक पर बैठाकर ले गया था। उसने ही अपने साथी के साथ मिलकर उसके भाई की हत्या कर दी। इसके आधार पर थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है।
भाई आकाश शाक्य ने बताया कि दो अप्रैल की शाम करीब चार बजे एक व्यक्ति बाइक लेकर उसके घर आया था। घर पर उसका बड़ा भाई जितेंद्र और दादी चमेली थीं। वह व्यक्ति जितेंद्र को बाइक पर बैठा कर ले गया। उसकी दादी घर के अंदर थीं, जिससे वह उस व्यक्ति का चेहरा नहीं देख पाईं। उसकी दादी ने पूछा भी था कि जितेंद्र तुम कहां जा रहे हो। इस पर जितेंद्र ने कहा था कि वह बिल्सी तक जा रहा है। जब वह देर रात तक घर नहीं आया तो दादी ने उसको तलाश किया। तीन अप्रैल को शाम करीब सात बजे पता चला कि गांव के देवी मंदिर के पास जितेंद्र का शव ट्यूबवेल की गूल में पड़ा मिला है। इससे वह और गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
आकाश ने बताया कि वह चंडीगढ़ में काम कर रहा था। जब उसे सूचना मिली तो वह यहां आया। उसने कई लोगों से जानकारी जुटाई। तब लोगों ने बताया कि दो अप्रैल की शाम कुछ लोगों ने जितेंद्र को गांव के ही बॉवी पुत्र विद्याराम उर्फ पप्पू और एक अन्य व्यक्ति के साथ गांव के मंदिर की ओर जाता देखा था। उसे पूरा शक है कि बॉबी ने ही मिलकर उसके भाई की हत्या कर दी। इस पर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर इसकी छानबीन शुरू कर दी है। सीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में कई साक्ष्य मिले हैं। कॉल डिटेल भी खंगाली गई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।