पोस्टमार्टम हाउस पर बैठे दुल्हन के परिवार वाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की बाबा कॉलोनी में शुक्रवार रात एक बरात चढ़त के दौरान बड़ा बवाल हो गया। डीजे पर डांस को लेकर लड़की वालों के पड़ोसी और बरातियों के बीच जबरदस्त मारपीट हो गई। इससे तमाम रिश्तेदार समारोह से भाग गए। आनन-फानन में शादी कराई गई। रात में ही दुल्हन को विदा कर दिया गया। इस दौरान एक रिश्तेदार की मौत हो गई। दुल्हन के पिता का आरोप है कि उनका रिश्तेदार भी मारपीट में घायल हुआ था। पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है, जिसमें मौत की वजह बीमारी बताई गई है।
शहर में बाबा कॉलोनी निवासी आकाश कुमार ने अपनी बेटी आकांक्षा का रिश्ता बिनावर थाना क्षेत्र के गांव उझौली के प्रदीप रघुवर दयाल के साथ किया था। तय समय के अनुसार शुक्रवार रात बाबा कॉलोनी में आकांक्षा की बरात आई। आकाश कुमार का आरोप है कि उनकी बेटी की बरात चढ़ते हुए उनके दरवाजे की ओर पहुंच रही थी। तमाम लोग बरात में डांस कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के कई लोग शराब पीकर बरात में पहुंच गए। उन्होंने भी बरातियों के साथ डांस करना शुरू कर दिया। तभी बरातियों और उनके पड़ोसियों के बीच डांस करने को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने एक दूसरे का कॉलर पकड़ लिया। इससे विवाद ज्यादा बढ़ गया। उनके बीच मारपीट हो गई। इससे पड़ोसी युवक लाठी-डंडे लेकर आ गए। उन्होंने बरातियों के साथ खूब मारपीट की। इससे बरात में आए अधिकतर लोग मौके से भाग गए। इसकी सूचना पर दुल्हन के परिवार वाले भी पहुंच गए। उन्होंने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। बताते हैं कि मारपीट से बराती नाराज हो गए। वह उसी समय बरात वापस लौटाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाबुझाकर मामला शांत किया। मामला बिगड़ते देखकर रात में ही दूल्हा दुल्हन की शादी कराई गई। फिर रात में ही दुल्हन को विदा कर दिया गया।
कार्यक्रम से दो सौ मीटर दूर रिश्तेदारों को ठहरने का इंतजाम किया गया था। जहां एक कमरे में शनिवार सुबह आकाश कुमार के रिश्ते के 45 वर्षीय मामा अरविंद कुमार निवासी ग्राम अतरछेड़ी थाना विशारतगंज जिला बरेली मृत पाए गए। आकाश कुमार का आरोप है कि उनके पड़ोसियों ने अरविंद कुमार के साथ भी मारपीट की थी। जिसमें वह घायल हुए थे। थाना पुलिस ने शनिवार दोपहर रिश्तेदार अरविंद के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत बीमारी से बताई गई है। आकाश कुमार ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने बरात रोकने का भी आरोप लगाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
शराब पीने वालों ने शुरू कराया विवाद
- शुक्रवार रात बाबा कॉलोनी में शराब पीने वालों की वजह से विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बरात में भी कई लोग शराब के नशे में थे। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब उन्हें संभालना मुश्किल था। जिन पर मारपीट का आरोप लगा है। वो भी शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। जब विवाद ज्यादा बढ़ गया तो शराब पीने वाले तितर बितर हो गए।
- शुक्रवार रात बाबा कॉलोनी में एक बरात आई थी। बरातियों में और देखने वालों में कई लोग शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। इससे विवाद शुरू हो गया था। जिस व्यक्ति की मौत हुई है। उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया है। उसकी मौत का कारण बीमारी आया है। इसमें तहरीर आई है। जांच के बाद जो सही पाया जाएगा। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी