उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरहरपुर में बरात चढ़त के दौरान दुल्हन के पड़ोसियों और बरातियों के बीच कहासुनी को लेकर देर रात मारपीट हो गई। मारपीट में किशोर समेत चार बरातियों के सिर फूट गए। सूचना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तड़के घायलों को यहां लाकर प्राथमिक उपचार कराया। दुल्हन के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मारपीट की घटना देर रात करीब एक बजे हुई। हरहरपुर निवासी हरपाल की बेटी की बरात उसहैत से शुक्रवार शाम आई। नाश्ता के बाद बरात चढ़त के दौरान नशे में धुत एक ग्रामीण ने बरातियों से गाली गलौज कर दी। आसपास के लोगों ने दोनों पक्ष को समझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद बरात भी चढ़ गई। बाद में लज्जाराम और उसके बेटे प्रदीप ने अपने पक्ष के लोगों को इकट्ठा कर बरातियों को घेर लिया। लाठी-डंडे लेकर ये लोग बरातियों पर टूट पड़े। बरातियों में बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव जयथरा निवासी जयसिंह (35) पुत्र भागीरथ, बिल्सी के गांव नागरझूना निवासी यशपाल (24) पुत्र नेत्रपाल, उसहैत के प्रशांत (21) पुत्र मोहर सिंह और नितीश कुमार (17) पुत्र पोशाकी लाल घायल हो गए।
दुल्हन के पिता हरपाल समेत उनके परिवार के लोगों ने पड़ोसियों को समझाने का भी प्रयास किया लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। हरपाल ने कोतवाली फोन करके मौके पर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ दिया। शनिवार तड़के घायल बरातियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने हरपाल की तहरीर पर गांव के ही लज्जाराम, प्रदीप, उसहैत के गांव कैला निवासी महेश चंद्र और घासीराम के खिलाफ मारपीट की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके चलते बरात विदा होने तक पुलिस भी गांव हरहपुर में बनी रही। आरोपी घरों से भागे बताए गए हैं।