उसावां (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम सेहा में ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की छानबीन में लगी हुई है।
गुरुवार रात ग्राम में राजवीर और जसवंत पक्ष के लोगों में खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर कहासुनी हो गई थी। देर शाम यह मामला तूल पकड़ गया। इससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें सर्वेंद्र और आर्येंद्र घायल हो गए। उनके गंभीर चोटें भी आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस बुलाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इधर, देर रात दूसरे पक्ष के जसवंत को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस और एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, सीओ दातागंज अंबिका प्रसाद भारद्वाज रात में ही गांव पहुंच गए। उन्होंने जानकारी करते हुए उसे भी जिला अस्पताल भेज दिया। जसवंत के हाथ में गोली लगी है। इससे पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। इस संबंध में घायलों के पिता राजवीर ने जसवंत, अनुज पुत्रगण शेर सिंह, पंकज पुत्र प्रेमपाल, लिलेंद्र, आशीष पुत्रगण धीरपाल, नेत्रपाल पुत्र रामनिवास, कुन्नू पुत्र नेत्रपाल, धीरपाल पुत्र प्यारे, थानेश्वर पुत्र अमरसिंह, कुंवरपाल पुत्र श्रीराम के खिलाफ घर में घुसकर लाठी डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सेहा गांव में पहले दो युवकों के साथ मारपीट हुई थी। बाद में एक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी है। एक पक्ष ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करा दी है। जिसके गोली लगी है, उसने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
अंबिका प्रसाद भारद्वाज, सीओ दातागंज