बदायूं में अमर ज्योति कंपनी के एजेंट और निवेशकों के बीच मारपीट हो गई। बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले, जिससे अफरातफरी मच गई। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
बदायूं में अमर ज्योति फाइनेंस कंपनी के एजेंट के साथ कुछ लोगों ने शनिवार शाम बीच सड़क पर मारपीट कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद ईंट-पत्थर भी फेंके गए। इससे वहां भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मारपीट का मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला मीरा सराय में अमर ज्योति फाइनेस कंपनी संचालित होती थी। कंपनी पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है। इस मामले में आरोपी कंपनी मालिकों के खिलाफ कई मुकदमे शहर और बरेली के थाने में दर्ज हुए। लेकिन अभी तक लोगों के रुपये नहीं मिल सके हैं। इस कंपनी में काम करने वाले कई एजेंटों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन आज भी शहर में कुछ एजेंट ऐसे हैं जिन्होंने कंपनी के लिए रुपये लोगों से लाखों रुपये लेकर जमा किए। शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के मथुरिया गेट के पास कुछ लोगों ने कंपनी एजेंट कार्तिक साहू को पकड़ लिया। उसके साथ मारपीट कर दी।
दोनों पक्षों में हुई मारपीट
कार्तिक साहू अमर ज्योति कंपनी में एजेंट का काम करता था। कबूलपुरा के रहने वाले लोगों का रुपये उसने कंपनी में जमा कराया था। किसी का एक लाख तो किसी का दो लाख रुपये तक जमा किया गया। शनिवार की शाम को चार-पांच लोग अपना पैसा लेने के लिए कार्तिक साहू के पास उसकी दुकान पर पहुंच गए। इसी को लेकर दोनों पक्षों में बहसबाजी शुरू हो गई। उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों से लोग मौके पर आ गए।
विज्ञापन
दोनों ओर से जमकर मारपीट होने लगी। देखते ही देखते ईंट पत्थर चलने लगे। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। जिसपर इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जिन्हें देखे लोग भाग निकले। घायल कार्तिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने अपने-अपने शिकयती पत्र सदर कोतवाली में दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों ओर से प्रार्थना पत्र मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी