सहसवान। रुपयों के लेन-देन को लेकर चल रही रंजिश में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। हालांकि वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता।
गांव नगला चोई में रईत, आरिस, इसरत और नासिर, जाकिर और इमदाद के बीच रंजिश है। इसको लेकर रविवार को दोनों पक्षों में पहले लाठी डंडों से मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव किया। पथराव और मारपीट में दोनों पक्षों के अर्शी, मुकीम, इकबाल, नाजिश, रशीदा, अलीमा, सुहाना, कासिम, तफसील, सलमा, अफसाना, अफजाल, इमदाद, जाकिर, आरिस, नासिर, राहिल, इमरत समेत 18 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इनमें से अधिकांश लोग मामूली रूप से चोटिल थे। इन्हें उपचार के बाद भेज दिया गया और कुछ घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष दिल्ली में रह कर काम करते हैं। वहां इन लोगों के बीच उधार के रुपयों को लेकर मारपीट हुई थी। शनिवार को यह लोग गांव आए हैं। उसी रंजिश में रविवार को फिर से दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अभी दोनों पक्षों में से किसी ने पुलिस को शिकायती पत्र नहीं दिया है।