बदायूं। मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने जिले में संक्रमण बीमारियों का प्रकोप बढ़ा दिया है। स्वाइन फ्लू से पीड़ित सात मरीजों के सामने आने के बाद बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष तक लंबी कतारें लग गईं। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक 1550 मरीज ओपीडी में पहुंचे। इसमें करीब 1050 मरीज बुखार, वायरल फीवर और खांसी के थे। इनमें 200 बच्चे और 316 महिलाएं शामिल हैं।
सुबह आठ बजे पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर 30 से 35 लोग लाइन में लगे थे। वहीं, पूर्व में दवा ले जा चुके मरीज दोबारा से अपने आप को दिखाने के लिए डॉक्टर कक्ष के बाहर लाइन में लगे नजर आए। पर्चा बनने के बाद में नए मरीज भी डॉक्टराें को दिखाने के लिए लाइन में लग गए। ऐसे में यहां पर भी मरीजों को अपनी बारी आने के लिए काफी लंबा इंतजार करना पड़ा।
बुधवार को करीब 200 बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। बच्चों में बुखार के साथ खांसी और कमजोरी की शिकायत सामने आ रही है। महिलाओं की संख्या भी करीब 316 रही। वहीं, 510 से अधिक मरीज बुखार, वायरल फीवर और खांसी के पहुंके। इसके अलावा 500 के करीब मरीज अलग-अलग बीमारियों की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे। इनमें शरीर में दर्द, कमजोरी और मौसम परिवर्तन से जुड़ी समस्याओं वाले मरीज शामिल रहे।
-
स्वाइन फ्लू के बीच लोगों की बढ़ी चिंता
- जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर पहले से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। ऐसे में बुखार और सांस संबंधी लक्षण वाले मरीजों की बढ़ती संख्या ने चिंता बढ़ा दी है। हालांकि हर बुखार को स्वाइन फ्लू नहीं माना जा सकता। जिला अस्पताल के फिजिशियन के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को लापरवाही न बरतने और लगातार बुखार या अन्य लक्षण होने पर डॉक्टर से जांच कराने की सलाह दी है।
-
स्वाइन फ्लू एक वायरल रोग है। इसमें अचानक तेज बुखार, ठंड लगना, सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द और बदन/मांसपेशियों में तेज दर्द, अत्यधिक थकान और कमजोरी, नाक बहना या बंद होना शामिल है। वहीं कुछ मामलों में उल्टी या दस्त भी होते हैं। इसमें साफ-सफाई का ध्यान रखना है। मास्क लगाना भी जरूरी है। हाथ भी बीच-बीच में धोते रहना है। वहीं, डॉक्टर से संपर्क करना है।
- डॉ. एनएन कमल, वरिष्ठ फिजिशियन जिला अस्पताल बदायूं
-
इम्पैक्ट-
ओपीडी में डॉक्टर से लेकर स्टाफ ने लगाया मास्क
फोटो-13 नंबर
बदायूं। स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और अस्पतालों में बरती जा रही लापरवाही को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। इसके बाद बुधवार को जिला अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी संक्रमण से बचाव को लेकर सतर्क नजर आए। ओपीडी में डॉक्टरों से लेकर स्टाफ तक ने मास्क लगाकर मरीजों को देखा। इससे पहले अस्पताल में डॉक्टर और कर्मचारी बिना मास्क के मरीजों के बीच काम करते नजर आ रहे थे। खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से अब मरीजों और तीमारदारों को भी मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। खांसी और छींक आने पर मुंह ढकने, हाथों की स्वच्छता रखने और अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह दी जा रही है। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए एक वार्ड भी आरक्षित किया है। संवाद
जिला अस्पताल की ओपीडी में मास्क लगाकर मरीजों का इलाज करते डाॅक्टर। संवाद