जिला परिषद कालोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
चेयरपर्सन को पत्र देने के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
शहर की जिला परिषद कालोनी का हाल बदहाल है। वहां पर न तो पेयजल की उचित व्यवस्था है और न ही साफ-सफाई नजर आ रही है। हाईमास्ट खराब होने और कालोनी की बाउंड्री न होने की वजह से कालोनी के बाशिंदों को हमेशा डर बना रहता है। महिलाओं ने कालोनी की सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं कराने के लिए चेयरपर्सन फात्मा रजा को एक शिकायती पत्र करीब एक सप्ताह पहले दिया था, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। कालोनी के लोग वहां साफ-सफाई खुद करते हैं। बावजूद इसके कालोनी में कई स्थानों पर गंदगी है। इससे आक्रोशित महिलाओं ने कालोनी में प्रदर्शन कर होली से पहले सभी व्यवस्थाएं सही कराने की मांग की है।
कलेक्ट्रेट से चंद कदम की दूरी पर स्थित जिला परिषद कालोनी की महिलाओं से इस संबंध में बातचीत की गई तो उन्होंने अपनी समस्या बयां की। मोरश्री ने बताया कि कालोनी में अधिकांश दिनों में पानी नहीं आता है। ओवरहेड टैंक ज्यादातर खराब रहता है। दूर स्थित हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ता है। मुन्नी देवी ने कहा कि कालोनी के कई हैंडपंप खराब हैं। कोई सही नहीं करवाता है। कांती देवी ने कहा कि हाईमास्ट लाइटें खराब होने और बाउंड्रीवाल सही न होने की वजह से कालोनी के लोग डरे हुए हैं।
कालोनी की पुष्पा सक्सेना, देवी, कंचनलता, ममता पाल, सुमन सक्सेना, पुष्पा शर्मा, शशि सक्सेना, पूजा सक्सेना, ममता पाल आदि ने कहा कि नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन फात्मा रजा को कालोनी की दशा सुधरवाने के लिए पत्र दिया था। साथ ही कालोनी में घुमाकर वहां की दुर्दशा से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं कराया गया है।