बदायूं। लोकलाज के डर से बृहस्पतिवार की शाम एक मां ने अपने कलेजे के टुकड़े बेटे को मरने के लिए खाली प्लाॅट में फेंक दिया। रोने की आवाज पर कुछ लोग वहां पहुंचे। फिर बच्चे को उठाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चाइल्ड लाइन की टीम को सूचना दी, जिसके बाद उन्हाेंने नवजात को अपनी कस्टडी में लिया है।
बिसौली कस्बे के रहने वाले टिंकू यादव ने बताया कि शाम के समय वह अपने घर से निकले तो उन्होंने प्लॉट में बच्चों को खेलते देखा। उसी दौरान उन्हें एक नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो एक नवजात पड़ा था। उन्होंने उसे उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया और चाइल्ड लाइन की टीम को सूचना दी।
चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक कमल शर्मा ने बताया कि उनकी टीम ने नवजात को लेकर जिला अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में शिफ्ट कर दिया हे। उसे डॉक्टरों की विशेष देखभाल में रखा गया है। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने नवजात को रेडियंट वार्मर पर रखा है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू में पहुंचने के बाद उसकी विस्तृत जांचें की जाएंगी और आगे का उपचार शुरू होगा।