समिति पर खाद के लिए उमड़ी भीड़
- फोटो : संवाद
बदायूं के दातागंज में इफ्को बाजार मंडी समिति में खाद के लिए मारामारी का माहौल है। इफ्को केंद्र संचालक किसानों को खाद की बोरियों के साथ नैनो खाद के पैक भी जबरन थोप रहे हैं। किसान इन पैक को लेना नहीं चाहते। तीन बोरी डीएपी लेने पर नैनो खाद का बड़ा पैक, जिसकी कीमत 600 रुपये के करीब है और दो बोरी खाद लेने पर नैनो खाद का छोटा पैक, जिसकी कीमत 250 रुपये के करीब है, दिया जा रहा है। यहां सुबह से ही खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ लग जाती है। कई किसानों को तो लाइन में शाम तक खड़े होने के बाद भी खाद नहीं मिल पाती।
शनिवार को खाद लेने पहुंचे रुदैली के हरविलास, भीकमपुर के इंद्रपाल, मुकेश, राम लड़ैते, चिर्रा के अजीत गिरी, तालिबगंज के शिवराम यादव ने बताया कि वे लोग सुबह आठ-नौ बजे ही बिक्री केंद्र पर आ गए। दोपहर बाद भी लंबी लाइनें लगी रही। 500 लोगों से अधिक किसानों की भीड़ लगी थी। इसमें महिलाएं भी शामिल रहीं। पूर्व में इफ्को बाजार तहसील के पास था। उस समय वहां अधिक भीड़ हो जाने के बाद ही इसे मंडी समिति के परिसर में स्थापित किया गया है। यहां भी किसानों ही कम भीड़ नहीं थी।
गेहूं बोवाई के अभी 20 दिन शेष
अभी गेहूं की बोवाई को लगभग 20 दिन शेष हैं, बावजूद इसके किसानों को खाद की चिंता सता रही है। बोवाई के मौके पर कहीं खाद न मिल सके किसान अभी से खाद के लिए लाइनों में लग रहे हैं। इससे और ज्यादा आपाधापी मची हुई है। भटौली के किसान जो हमेशा वैज्ञानिक तरीके से खेती करते हैं, उनका कहना है कि गेहूं की बोवाई को अभी काफी समय है लेकिन किसानों को खौफ है कि उस समय उनको खाद नहीं मिल पाई तो मुश्किल हो जाएगी। इसलिए इफ्को बाजार में भीड़ उमड़ रही है। रुदैना के लालाराम कश्यप भी यही मानते हैं कि किसान खाद की किल्लत होने के संभावना के कारण अभी से परेशान हो रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री के प्रयास से बदायूं पहुंचेगी अतिरिक्त खाद की रैक
जिले में डीएपी खाद की कमी से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है। जल्द ही किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा के प्रयासों से बदायूं के लिए दो अतिरिक्त खाद रैक की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के जॉइंट डायरेक्टर कृषि डॉ. आशुतोष मिश्रा से वार्ता कर तत्काल रैक भेजने की व्यवस्था कराई है। इस पहल से जिले में डीएपी की मारामारी का संकट जल्द ही समाप्त होगा और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जिले में खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।