जिलेभर में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। इससे किसानों को तो राहत मिली, लेकिन शहर के लोगों को परेशानी से दो-चार होना पड़ा। झमाझम बारिश के कारण शहर के कई स्थानों पर जलभराव हुआ। पनबड़िय़ा बिजली उपकेंद्र में पानी भर जाने के कारण कई जगह बिजली ठप रही। करीब तीन घंटे तक सड़कों में पानी भरे रहने के कारण लोगों का सड़कों से निकलना दूभर हो गया। प्राइवेट बस अड्डे में बरसात के पानी से तालाब बन गया।
दो दिन पहले भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोग अब बारिश से दुखी हो गए। वृहस्पतिवार से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने खेत खलिहानों में जहां गड्ढे, ताल-तलैया आदि भर दिए, वहीं फसलों की सिंचाई कर दी। गुरुवार रात और शुक्रवार की शाम को झमाझम बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। बरसात में फंसे लोगों को घर तक जाना मुश्किल हो गया।
यहां हुआ भारी जलभराव
काली कोठी के पास
गोटियां
गांधी ग्राउंड
जोगी पुरा
शहबाजपुर
मथुरिया चौराह
पनबडिय़ा
बाबूराम मार्केट
टिकटगंज चौराहा
नई सराय
पुराना बाजार
उमस और गर्मी से मिली राहत
बिल्सी। गुरुवार रात से रुक-रुककर हो रही बरसात से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। कई दिनों सेे पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। रुक-रुक कर हो रही बरसात से क्षेत्र के किसान भी खुशहैं। अलबत्ता बरसात से नालियों में जमा गंदगी सड़कों पर पसर गई है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव नगला जाटान स्थित प्राथमिक स्कूल के पास बना नाला भी बरसात में टूट गया। इससे बरसात का पानी स्कूल की नींव में जा रहा है। ग्रामीणों से इस नाले की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।