चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन करते किसान। स्रोत किसान
सिलहरी। दि किसान सहकारी चीनी मिल शेखूपुर लिमिटेड में पेराई की सुस्त रफ्तार से गन्ना किसानों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को किसानों ने मिल गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि गन्ना तौल कराने के लिए तीन-तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को गांव भरकुईयां, कुरुऊ, धमेई, पसेई सहित कई गांवों के किसानों ने मिल प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। कहा कि पेराई की धीमी प्रक्रिया के कारण टोकन व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है। किसान गन्ना लेकर मिल गेट पर पहुंचते हैं, लेकिन टोकन बनवाने में ही तीन से चार दिन लग जाते हैं।
इसके बाद तौल होने में और लंबा समय लग जाता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। रात में ठहरने की कोई उचित व्यवस्था न होने पर किसान सबसे ज्यादा परेशान दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि मिल प्रशासन ने ठंड से बचाव के लिए अलाव जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। किसान खुले आसमान के नीचे गन्ना ट्रॉलियों पर ही बैठकर रात गुजारने को मजबूर हैं।
किसानों ने मिल प्रशासन से टोकन प्रणाली को दुरुस्त करने, पेराई की गति बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक मिल पूर्ण क्षमता से नहीं चलेगी, तब तक किसानों की परेशानियां कम नहीं होंगी। विरोध प्रदर्शन में रुकुम सिंह, राकेश कुमार, तेजपाल सिंह, भीकम सिंह, संतोष कुमार आदि किसान शामिल रहे।