राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में किसानों ने दूसरे दिन भी धरना दिया। बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को जमीन देने वाले किसानों के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी दिलाए जाने का मुद्दा भाकियू की दो जनवरी को होने वाली महापंचायत में भी उठाया जाएगा। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलता आंदोलन जारी रहेगा।
बरेली-मथुरा हाईवे पर गुनौरा वाजिदपुर गांव के पास राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण को दर्जनों किसानों ने जमीन दी थी। भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों को भरोसा दिया गया था कि प्रत्येक किसान के परिवार के एक-एक सदस्य को मेडिकल कॉलेज में नौकरी दी जाएगी। भर्तियां चालू हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी परिवार को नौकरी नहीं मिली है। कॉलेज को जमीन देने वाले किसानों को साथ लेकिन भाकियू ने मेडिकल कॉलेज में अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार से शुरू कर दिया है। शनिवार को धरने के दौरान बीकेडी जिलाध्यक्ष राजेश सक्सेना ने कहा कि किसानों को उनका हक दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर नेत्रपाल, नत्थू, महेंद्र यादव, अमित यादव, बलवीर, हाकिम सिंह, त्रिवेनी, छोटेलाल, भारत सिंह, हरिओम, जयपाल सिंह, चंद्रपाल, चंद्रपाल पाली, देवेंद्रपाल, विजेनश कुमार, रमेश, चमेली देवी, राममूर्ति, बरखा देवी, सोमवती, सुरजा, सुशीला, मोरश्री, विमला, निर्मला, धर्मवती, कांता, भगवान देवी आदि धरने पर बैठे।