बदायूं के उझानी में छुट्टा पशुओं से परेशान किसानों ने ऐसा कदम उठाया, जिससे अफरातफरी मच गई। किसानों ने सैकड़ों पशुओं को खेत से खदेड़ कर हाईवे पर छोड़ दिया, जिससे जाम लग गया।
बदायूं जिले में छुट्टा गोवंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए गोशालाएं बनी है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही से सैकड़ों गोवंश सड़कों पर हैं। किसानों की फसलों को छुट्टा पशु चौपट कर रहे हैं। गुस्साए किसानों ने मंगलवार को खेतों से सैकड़ों पशुओं को खदेड़ कर स्टेट हाईवे पर कर दिया। हाईवे पर बड़ी तादाद में गोवंश देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। तेज धूप में वाहनों के पहिये थमे तो लोग परेशान हो उठे।
विज्ञापन
इसकी सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक किसान मौके से चले गए। पुलिस ने बमुश्किल पशुओं को हाईवे से हटाया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका। किसानों का आरोप है कि शासन की ओर से गोशालाओं पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन फिर भी छुट्टा पशु खेतों में फसल बर्बाद कर रहे हैं। गोशालाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शासन कई बार फरमान जारी कर चुका है कि सड़कों पर गोवंश दिखाई न दें लेकिन स्थानीय अफसर गोवंशों को न तो गोशाला तक पहुंचा पा रहे हैं न ही किसानों को राहत दिला पा रहे हैं।