उघैती थाना क्षेत्र के गांव सोनियाखेड़ा में फंदे पर युवक का शव लटका मिलने के बाद शोकाकुल परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
उघैती। उघैती थाना क्षेत्र के गांव सोनियाखेड़ा में एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की है। युवक घर पर रहकर खेती-किसानी का काम करता था।
गांव सोनियाखेड़ा निवासी गुड्डू (20 साल) पुत्र अमरपाल बृहस्पतिवार रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के आंगन में सो रहा था। परिजनों का कहना है कि रात में किसी समय वह उठकर अपने कमरे में चला गया। उस समय किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा। शुक्रवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे और गुड्डू को आंगन में नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान परिजन कमरे में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। गुड्डू का शव कमरे में छत के कुंडे से लटका हुआ था।
देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर उघैती थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। एसपी ग्रामीण डॉ. ह्देश कठेरिया ने बताया कि युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। पुलिस द्वारा सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव सोनियाखेड़ा में फंदे पर युवक का शव लटका मिलने के बाद शोकाकुल परिजन। - फोटो : अमर उजाला